Skip to main content

कक्षा-कक्ष में पेंसिल/कलम की सहज उपलब्धता।

आज का नवाचार - पेंसिल/कलम की सहज उपलब्धता।


छोटे बच्चों में एक और सबसे बड़ी समस्या पेंसिल/कलम गुम हो जाने,घर पर छूट जाने या किसी अन्य बच्चे के द्वारा ले ली जाने की होती है। ऐसे में बच्चे कहते है कि हमारे पास तो लिखने के लिए कुछ है ही नहीं। कुछ बच्चों में यह आदत घर कर जाती है कि वो बिना पेंसिल/कलम के आते हैं और अक्सर शिक्षक से उनकी कलम या हर बार एक नई पेंसिल ले जाते हैं। मैं खासकर इस समस्या से बहुत रुबरु होती रहती हूं, क्योंकि मेरे बच्चों की पारिवारिक पृष्ठभूमि इस तरह की है जहां अगर पेंसिल एक बार गुम हुई तो फिर वापस नया उपलब्ध हो पाना असंभव सा काम होता है।
आज इस समस्या का हमनें एक स्थायी हल निकाला। बच्चों से बात की गई और विचार रखा गया कि सभी के लिए एक-एक पेंसिल होगी पर वह क्लासरूम में लिखने के बाद वापस रख दी जाएगी। सबने सहमति जताई। अगले दिन मैं पेंसिल की तीन पैकेट लेकर आई। साथ ही मुझे याद आया कि विधानसभा चुनाव के समय मोबाइल रखने के लिए जूट की पाॅकेट बोर्ड दी गई थी जिसमें बड़े काले रंग में एक से दस तक की संख्या भी लिखी हुई थी जो कि बच्चों के सीखने और पेंसिल रखने के काम आ सकती थी। यह एक अच्छा विकल्प था जिसमें बच्चों के पहुंच के हिसाब से पेंसिल और कटर रखे जा सकते थे। हमनें दो कील दीवार में ठोंक कर बच्चों के लंबाई के हिसाब से उस पाॅकेट बोर्ड को टांग दिया और संख्या के हिसाब से पेंसिल रख दिए। बच्चों ने पेंसिल को निकाल कर देखा और गिना भी। कक्षा जब प्रारंभ हुई तब बच्चों ने पेंसिल लिया और लिखा। छुट्टी के समय उन्होंने पेंसिल को वापस संभालकर पाॅकेट बोर्ड में रख दिया। 
अब बच्चे रोज इस तरह से पेंसिल लेते हैं और उपयोग के पश्चात अपनी जगह पर रख देते हैं। इस नवाचार से अब यह टेंशन खत्म हो गई कि बच्चे पेंसिल या कलम लाना भूल जाते हैं या गुम कर लेते हैं या अनुपलब्ध होने पर लिखने से वंचित हो जाते हैं। साथ ही बच्चों में एक जिम्मेदार नागरिक वाले गुण का भी विकास हो पा रहा है कि जो चीज जहां से ली गई उसे वापस उसी जगह पर रख दिया जाएं।
©प्रियंका कुमारी 
वर्ग शिक्षिका कक्षा - 1
मध्य विद्यालय मलहाटोल, परिहार, सीतामढ़ी।


Comments

Popular posts from this blog

अभिभावकों और बच्चों का एक साथ सीखना

दृश्य -1 साक्षी के दादाजी उसकी कक्षा में बैठकर उसके सभी सहपाठियों के बीच कहानी सुना रहे है और वो मन ही मन गर्वीली सी मुस्कान लिए सबके साथ कहानी सुन रही है। दृश्य -2 आदित्य अपनी दादी के साथ बैठकर एक सादे पेज पर कलर पेन्सिलों के साथ ड्राइंग कर रहा है। उसकी दादी और वो दोनों एक ही समय में एक ही पेज पर ड्राइंग कर रहे है और आपस में बातचीत भी कर रहे है। दृश्य -3 महिमा अपने घर के आंगन में अन्य भाई-बहनों के साथ मां के निकट बैठी है और उसकी कक्षा की शिक्षिका उसकी मां से उन्हीं की भाषा में बात कर रही है और बता रही है कि एक शिक्षक और अभिभावक साथ में मिलकर काम करें तो बच्चों का सर्वांगीण विकास कितना सरल हो जाएगा। साथ ही वो अपने बुनियादी कक्षाओं के बच्चों की शिक्षा में कैसे अपना सहयोग दे सकती है। दृश्य -4 स्कूटी से जा रही शिक्षिका रास्ते में रुक कर खेतों से घास के भारी-भरकम गट्ठर सर पर लिए जा रही महिलाओं को रोककर और उनके गट्ठर नीचे रखवाकर पेड़ की छांव में बैठकर उन्हें अपने पोते-पोतियों को रात में सोते समय कोई कहानी या अनुभव सुनाने की बात करती है और उनकी कविता -कहानी से बच्चों के शिक्षण पर...

टीचर ऑफ़ द मंथ : एक सराहनीय पहल

हैलो, मैं न्यूज 18 चैनल से बोल रहा हूं। एसीएस सर द्वारा बिहार के 12 शिक्षकों को टीचर औफ द मंथ अवार्ड् दिया गया है जिसमें आपका भी नाम है। बधाई हो। हम आप का बाइट लेना चाह रहे है। क्या आप अभी विद्यालय में है... चूंकि मैं उस समय डायट डुमरा, सीतामढ़ी में दीक्षा पोर्टल पर कोर्स लांच करने की तकनीकी प्रक्रियाओं को अपने लैपटॉप पर संपादित कर रही थी इसलिए मैंने उन्हें कहा कि आप से कुछ देर बाद बात करती हूं और मुझे इस अवार्ड की कोई सूचना नहीं मिली है। इसलिए आप मुझे इस से संबंधित कोई जानकारी है तो मेरे नंबर पर साझा कर दीजिए। कार्य की व्यस्तता अधिक थी फिर भी इस खबर को सुनकर प्रसन्नता हुई। इसलिए दो मिनट रुक कर मैंने जब अपना मोबाइल चेक किया तो देखा कि बधाई देने वाले और न्यूज लेने वालों के काॅल्स और मैसेज का अंबार लगा था। मुझे हंसी भी आई कि मुझे छोड़ कर सबको खबर हो चुकी थी कि मैं टीचर औफ द मंथ बन चुकी हूं। फिर अपने परिजनों को इस संबंध में एक मैसेज कर मैं अपने कार्य में और उत्साह के साथ व्यस्त हो गई। कोर्स लांच में जिला शिक्षा पदाधिकारी सीतामढ़ी का भी आगमन हुआ और उन्होंने भी बधाईयां दी। साथ ह...

निपुण अभिभावक निपुण बच्चे

निपुण अभिभावक निपुण बच्चे ********************************* इस आलेख के माध्यम से आप जानेंगे कि अगर हमें बच्चों की शिक्षा में अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करवानी है तो बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी निपुण बनाने में अपना सहयोग देना होगा। साथ ही अभिभावकों के लिए ऐसे अवसरों का भी सृजन करना होगा जिसमें वह बच्चों के हित में अपनी भागीदारी दे सकें। मैंने निपुण अभिभावक निपुण बच्चे नवाचार का प्रयोग कर अभिभावकों के लिए एक अवसर उपलब्ध करवाने की कोशिश की है जिसके माध्यम से वो बच्चों की शिक्षा में सहभागी बन सकें। किसी भी बच्चे के लिए परिवार प्रथम पाठशाला तथा माता-पिता/अभिभावक प्रथम शिक्षक होते हैं। बच्चे जब पहली बार विद्यालय आते हैं तो उस समय भी उनके पास बहुत सा ज्ञान और अनुभव होता है । वैसे तो बच्चों की शिक्षा में पूर्व में भी परिवार की भागीदारी के महत्व को स्वीकार किया गया है पर नई शिक्षा नीति 2020 में अभिभावकों एवं समुदाय की शिक्षा में सहभागिता पर विशेष बल देने की बात की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा मंत्रालय द्वारा भी शिक्षा में अभिभावकों की सहभागिता से संबंधित डा...